Saturday 22 January 2011

कलाकार


दर्शन मितवा
सड़क के किनारे मीठी और सोज़ भरी आवाज़ में कोई अंधा गा रहा है। उस के इर्द-गिर्द भीड़ जमा है। मैं भी भीड़ में हूँ।
एकत्र हुए लोग अंधे की तारीफ कर रहे हैं।
देखो कितना अच्छा गाता है…पर बेचारा अंधा है। कितनी मीठी और दर्दभरी आवाज़ है…बोल कलेजे को छूते चले जाते हैं।
भाई यह हिंदुस्तान है…और हिंदुस्तान तो है ही कलाकारों का घर।मैं बेवजह ही अपनी छाती फुलाता हूँ।
बाबूजी, एक पंजी…भगवान तुम्हारा भला करे…तुम्हारे बच्चे जीएँ…।अंधा सभी के सामने हाथ फैलाता है।
मुझे जैसे अपना और अपने हिंदुस्तान का मान कम होता हुआ लगता है।
अंधे को बढ़िया कलाकार कहने वाले सभी लोग एक-एक कर वहाँ से खिसकने लगते हैं।
अबे ओ अंधे! तूने आज फिर यहाँ भीड़ जमा कर ली। तुझे कितनी बार कहा है, यहाँ चौक में मजमा न लगाया कर। फिर भी तू मजमा लगा के बैठ जाता है। तू ऐसे नहीं मानेगा…डंडा घुमाते हुए आए सिपाही ने उसे धौल जमा दी।
बूढ़ा शरीर धक्का खाकर नाली के किनारे जा गिरता है। हाथ में इकट्ठे हुए पैसे नाली में जा गिरते हैं।
साले को कितनी बार कहा है, पर ऐसे कहाँ अक्ल आती है…जब तक थाने में लेजाकर न सेंके।
एक-एक कर सभी लोग खिसक गए।
‘यह भई हिंदुस्तान है…और हिंदुस्तान तो है ही कलाकारों का घर।–अपने कहे शब्दों को याद कर मुझे लगता है जैसे मेरी छाती रीढ़ की हड्डी से जा मिली हो।
                                -0-


Saturday 8 January 2011

ससुराल

डॉ. पूनम गुप्त

दौरे से वापस आया तो बड़े भाई साहब का फोन मिला, तीन दिन हो गए नीरजा आई हुई है। 
आठ महीने पहले ही नीरजा की शादी हुई थी। नीरजा भाई साहब की इकलौती बेटी है। नाम के अनुरूप ही सुंदर और समझदार। पता नहीं वह ससुराल में क्यों खुश नहीं थी। जब भी उससे फोन पर बात करता, वह रो पड़ती।
भाई साहब के घर गया तो नीरजा मेरे गले लग कर रो पड़ी। वह काफी कमज़ोर लग रही थी। ‘मैने वापस नहीं जाना।’ एक ही रट लगा रखी थी उसने। मैने उसे समझाना चाहा तो बोली, सास बात-बात पर ताने देती रहती है। हर काम में टोकती है। मुझ से नहीं सहा जाता अब।
मैने उसे समझाया कि एक दूसरे को समझने में वक्त लगता है, धीरे-धीरे सब ठीक हो जाएगा।
वहाँ कुछ नहीँ सुधरेगा, चाचा जी! मैं ही चाहे…वह रो पड़ी।
उसका मन बहलाने के लिए मैं उसे बाहर लॉन में ले गया। टहलते हुए उसके साथ इधर-उधर की बातें करने लगा। तभी नीरजा का ध्यान कुछ मुरझाए हुए पौधों की ओर गया। वह बोली, माली काका! जो पौधे आप परसों रोप कर गये थे, वे तो मुरझाए जा रहे हैं। सूख जाएँगे तो बुरे लगेंगे। इन्हें उखाड़ कर फेंक दो।
 “नहीं बिटिया, ये सूखेंगे नहीं। ये नर्सरी में पैदा हुए थे, इन्हें वहाँ से उखाड़ कर यहाँ लगाया है। नई जगह है, जड़ें जमाने में थोड़ा समय तो लगेगा।
माली की बात सुन नीरजा किसी सोच में डूब गई। थोड़ी देर बाद ही वह ससुराल जाने की तैयारी करने लगी।
                     -0-